फोटो-13-घायल मोर का इलाज करवाते वन दरोगा विपुल कुमार शुक्ला। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई में हरपालपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत बड़ागांव में कुत्तों ने मोर को दबोच लिया। ग्रामीणों ने कुत्तों को खदेड़कर किसी तरह मोर को बचाया। ग्रामीणों की सूचना पर डीएम के एक फोन पर वन विभाग हरकत में आया। शुक्रवार देर रात वन दरोगा व यूपी 112 टीम ने मोर का इलाज कराया। ग्रामीणों की सतर्कता से राष्ट्रीय पक्षी की जान बच गई।
बड़ागांव निवासी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार रात साढ़े 10 बजे कुत्तों के हमले से मोर घायल हो गया। ये देख प्रदीप और राहुल मिश्र ने कुत्तों को भगाया और मोर की जान बचाई। उन्होंने डीएम अविनाश कुमार को इस बारे में सूचना दी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर वन दरोगा विपुल कुमार शुक्ल रात साढ़े 12 बजे मौके पर पहुंचे। यूपी 112 भी मौके पर पहुंच गई। वन दरोगा मोर को उपचार के लिए ले गए। इस मौके पर समाजसेवी राहुल अग्निहोत्री, सुनीत मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, आत्माराम ,शीशराम शर्मा आदि मौजूद रहे।