पिहानी (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरेली निवासी व्यक्ति ने पुत्री के ससुरालियों पर दहेज के लिए घर आकर मारपीट करने और कार देने पर ही बेटी को विदा कर ले जाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत नौ लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की है। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरेली निवासी दयाशंकर पुत्र बंधूलाल ने कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि पुत्री अर्चना देवी की शादी 13 फरवरी 2018 को फर्रुखाबाद जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कड़हर निवासी विनय पुत्र विश्राम के साथ की थी। शादी के बाद से ही अर्चना के ससुराली दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। पांच जून 2018 को ससुरालियों ने अर्चना को दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकाल दिया। तब से अर्चना मायके में ही रह रही है। 29 जून को अर्चना का पति विनय जरेली आया और दहेज के बारे में पूछकर मारपीट की। दहेज में कार देने पर ही विदा करने की बात कहकर चला गया। दयाशंकर की तहरीर पर पुलिस ने पति विनय, ससुर विश्राम, सास मायादेवी, जेठ मान सिंह और संजीव, ननद पूनम, जेठानी और देवर शिवम व रामप्रवेश के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।