हरदोई। दीपावली पर जिले के यात्रियों को घर आने में जल्द ही कुछ और विशेष ट्रेनों का फायदा मिल सकेगा। अभी सिर्फ दो जोड़ी ट्रेनें संचालित की गई हैं। इनका कोई विशेष फायदा जिले के यात्रियों को नहीं मिल रहा है। ऐसे में अब सीनियर डीसीएम ने कुछ ट्रेनों के ठहराव का आश्वासन दिया है। इसको लेकर स्थानीय स्टेशन के अधिकारियों से सूचनाएं मांगी गई हैं।
दीपावली अपनों के साथ मनाने के लिए दूसरे प्रदेश और दूर जिले में रहने वाले लोग घर आते हैं। जनपद के भी तमाम लोग दूसरे प्रदेशों में रहते हैं। यात्रियों की सहूलियत के लिए रेलवे त्योहार विशेष ट्रेन संचालित करता है। मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत अभी तक करीब 38 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं। इनमें से सिर्फ दो जोड़ी साप्ताहिक ट्रेनों का ठहराव हरदोई में दिया गया है।
चंडीगढ़ से पटना के बीच ट्रेन 04504-03 और नई दिल्ली से गोरखपुर के बीच 04022-21 ट्रेन चलाई गई। इसके अतिरिक्त अन्य कोई ट्रेन नहीं मिली। हालांकि अभी शनिवार को जिले में आए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य रेल प्रबंधक आदित्य गुप्ता से जिले में कुछ और विशेष ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई तो उन्होंने जिले के अधिकारियों से सूचनाएं मांगते हुए जल्द ही ट्रेन का ठहराव करने का आश्वासन दिया। उम्मीद है कि जिले के यात्रियों को लाभ मिलेगा।