हरदोई। रेलवे की ओर से पैसेंजर ट्रेन के किराए में राहत दी गई है, मगर स्थानीय स्टेशन से कोई भी पैसेंजर ट्रेन का संचालन नहीं हो रहा है। इससे यात्रियों को लाभ नहीं मिलेगा। यात्री परेशान हैं।
स्थानीय स्टेशन पर वर्तमान में कोई भी पैसेंजर ट्रेन का आवागमन नहीं हो रहा है। जो भी ट्रेन स्टेशन पर रुक रही हैं, वह एक्सप्रेस या सुपरफास्ट ट्रेनें हैं। पैसेंजर ट्रेन का संचालन न होने से छोटे स्टेशनों तक जाने वाले यात्री दूसरे संसाधनों का प्रयोग कर रहे हैं। रेल प्रशासन की ओर से पैसेंजर ट्रेन का किराया जो कोरोना काल के दौरान न्यूनतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया था, उसे घटा कर वापस 10 रुपये कर दिया है।
इससे कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को लाभ होगा। मगर स्थानीय स्टेशन पर कोई पैसेंजर ट्रेन का आवागमन नहीं हो रहा है। इससे जिले के यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
कोरोना काल से पूर्व स्थानीय स्टेशन से चार जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होता था। इनमें बरेली- इलाहाबाद पैसेंजर, बनारस- बरेली पैसेंजर, बालामऊ- शाहजहांपुर पैसेंजर, लखनऊ - शाहजहांपुर मेमो का संचालन होता था। वहीं, बालामऊ- शाहजहांपुर ट्रेन को एक्सप्रेस बना दिया गया। बालामऊ- शाहजहांपुर और मेमो दोनों का एक दिसंबर से संचालन भी बंद है।
साधारण ट्रेन का यह था किराया
करना, मसीत, कौढ़ा, बेहटा गोकुल, आंझी शाहाबाद, ऐगवां, लिहर, बंथरा, रोजा, शाहजहांपुर, बघौली, बालामऊ, टोडरपुर स्टेशनों का किराया न्यूनतम 30 रुपये पड़ता था। अब इन स्टेशनों पर दस रुपये में पहुंचा जा सकता है।