फोटो-18-नुमाइश चौराहे पर दुकानदारों को हटाता पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। नुमाइश चौराहे पर शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान मिठाई विक्रेता ने इसका विरोध किया। पालिका कर्मी का आरोप है कि दुकान के बाहर ठेलिया हटाने के दौरान मिठाई विक्रेता सहित अन्य दुकानदारों ने उसे दुकान में खींचकर मारपीट की। सूचना के बाद पालिका का पूरा स्टाफ वहां पहुंच गया और दुकान के बाहर नाले पर किए गए अतिक्रमण कोे ढहा दिया। पीड़ित पालिका कर्मी ने दो लोगों के खिलाफ कोतवाली शहर में तहरीर दी है।
डीएम पुलकित खरे ने शहर में चौराहों से 50 मीटर दूर वाहन न खड़े करने का पालन कराने के लिए पालिका की तीन टीमें गठित की हैं। टीम में शामिल कर्मी उमेश चंद्र शुक्ला शुक्रवार को नुमाइश चौराहा पहुंचा। उसने चौराहे पर बस देखी तो हटाने के निर्देश दिए। बस के पीछे एक मिष्ठान भंडार की ठेलिया खड़ी थी। उमेश ने बस को निकलने की जगह देने के लिए ठेलिया हटा दी। उमेश का आरोप है कि ये देख मिठाई विक्रेता व आसपास के दो दुकानदार उसको दुकान में खींच ले गए और मारपीट की। उसने किसी तरह दूसरे साथी पालिका कर्मी शिवमोहन से वार्ता की। जिसके बाद पालिका का पूरा स्टाफ वहां पहुंच गया और कोतवाली से पुलिस भी पहुंच गई। मिठाई की दुकान के बाहर चबूतरा आगे बढ़ाकर नाले पर भी अतिक्रमण किया गया था। पालिका के बुलडोजर ने अतिक्रमण ढहा दिया। है। कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिली है। दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
मारपीट करना गलत : ईओ
ईओ सदर रविशंकर शुक्ला का कहना है कि पालिका कर्मी बताए गए निर्देशों का पालन कर रहे थे। यदि दुकान वालों को कोई समस्या है तो वह बता सकते हैं। हाथ उठाने को किसी को अधिकार नहीं। इस पर सख्ती से निपटा जाएगा।
फोटो-19-पीड़़ित नगर पालिका कर्मी उमेश। संवाद- फोटो : HARDOI