पिहानी। नगर पालिका सभागार में शनिवार को पालिका बोर्ड की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन हाजी डॉ. साजिद अंसारी ने की। बैठक में छतैयां रोड पर सूखा कचरा पृथक्करण के लिए एमआरएफ सेंटर बनाने, पुराने सामान की नीलामी व नलकूप व स्ट्रीट लाइट के बेहतर संचालन के सोलर प्लांट लगवाए जाने समेत अन्य कई अहम निर्णय लिए गए।
चेयरमैन हाजी डॉ. साजिद अंसारी ने भूरेश्वर मंदिर मार्ग पर खराब स्ट्रीट लाइट को सही कराए जाने समेत अन्य लंबित कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए। ईओ अहिबरन लाल की मौजूदगी में वरिष्ठ लिपिक गोपाल कृष्ण ने माह अगस्त 2019 से जनवरी 2020 तक के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। बताया कि अवशेष धनराशि व कुल आय के सापेक्ष विभिन्न मदों पर व्यय के बाद 31 जनवरी 2020 तक पालिका के पास 3 करोड़ 27 लाख 13 हजार 237 रुपये अवशेष हैं।
बोर्ड ने बजट पर सहमति जताई। 14 वें वित्त आयोग से प्राप्त 1 करोड़ 22 लाख 45 हजार 552 रुपये की धनराशि की कार्य योजना शासन को भेजे जाने व सूखा कूड़ा पृथक किए जाने के लिए छतैय्यां रोड पर एमआरएफ सेंटर बनवाए जाने के प्रस्ताव पर सभासदों ने सहमति जताई। इस मौके पर मुमताज अंसारी, विमेलश तिवारी, हाजी अलाउद्दीन, इमरान खां, मतलूब, मुन्नू लाल शर्मा, रामलाल, मोहसिन खां, संजय कुशवाहा, रमाकांत, अरुण अग्निहोत्री व अशोक आदि मौजूद रहे।
पाली। नगर पंचायत पंचायत सभागार में शनिवार को चेयरमैन दीपा अवस्थी की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में आय व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत करने के साथ ही नगर के जलाशय की मरम्मत कराने, पीएचसी पाली में इंटरलॉकिंग व फर्श का निर्माण कार्य कराए जाने समेत अन्य कई महत्वपूर्ण फैसलों पर सहमति बनी।
वरिष्ठ लिपिक राकेश दीक्षित ने जनवरी माह के आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। बताया कि 1 करोड़ 8 लाख 22 हजार 460 रुपए की आय के सापेक्ष सापेक्ष 28 लाख 31 हजार 450 रुपये का व्यय किया गया। बैठक में वित्तीय वर्ष 2020-21 के तहत ठेका पैठ बाजार एवं हड्डी चमड़ा की नीलामी कराए जाने प्रस्ताव सभासदों ने सर्वसम्मति से पास किया। इस मौके पर सभासद आकाश गुप्ता, नासिर खां, शिवशर्मा, संजीव, गुलशेर व डॉ. धर्म सिंह आदि मौजूद रहे।