हरदोई। कटरी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पलिया-बेड़ीजोर-कड़हर तक करीब 12.560 किलोमीटर लंबाई वाले मार्ग को टू लेन बनाए जाने की शासन ने स्वीकृति दी है। शासन सवायजपुर विधायक के प्रस्ताव और पीडब्ल्यूडी की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) पर 43.48 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। काम कराए जाने के लिए शासन ने 8.50 करोड़ रुपये भी दे दिए हैं।
पलिया-बेड़ीजोर-कड़हर मार्ग बाढ़ प्रभावित कटरी क्षेत्र को फर्रुखाबाद जनपद से जोड़ता है। अभी तक यह मार्ग सिंगल बना हुआ है। मार्ग क्षतिग्रस्त भी हो गया है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता है। सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की क्षतिग्रस्त और फर्रुखाबाद जनपद को जोड़ने वाले मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए शासन में प्रस्ताव दिया था।
पीडब्ल्यूडी ने मार्ग को दो लेन में बनवाए जाने के लिए डीपीआर तैयार कराते हुए शासन में दिया। जिस पर शासन ने मंजूरी दे दी है। शासन ने मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 43,48,67,000 रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी है। शासन के संयुक्त सचिव राजेश प्रताप सिंह ने जारी आदेश में काम कराने के लिए 8,50,39,000 रुपये भी दिए जाने की जानकारी दी है।
-
50 हजार से अधिक लोगों को आवागमन में आसानी होगी
पलिया-बेड़ीजोर-कड़हर मार्ग के टू लेन बन जाने से क्षेत्र के करीब 50,000 से अधिक लोगों को आवागमन के साथ ही फर्रुखाबाद आने-जाने में आसानी हो जाएगी। मार्ग बन जाने से पलिया, कीर्तियापुर, इस्माइलपुर, टिकार, बेड़ीजोर, दहेलिया, बारामऊ, ढकपुरा, बदनापुर, पूरारतन, खद्दीपुर चैनसिंह, बढ़ईयनपुरवा आदि दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को सुविधा और सहूलियत हो जाएगी।
-
राज्य राजमार्ग बिलग्राम-सांडी-अल्लागंज के 26वें किलोमीटर के पास मुख्य जिला मार्ग की श्रेणी में शामिल पलिया-बेड़ीजोर-कड़हर मार्ग के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण के लिए शासन से स्वीकृति और रुपये मिलने का आदेश प्राप्त हो गया है। जल्द ही आगे की प्रक्रिया पूरी कराते हुए मार्ग बनवाए जाने काम शुरू कराया जाएगा। -मनिंदर सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी