हरदोई। प्रशासन की स्वीकृति के बाद नगर पंचायत पाली के बाशिंदों को करीब एक करोड़ से अधिक रुपये के विकास कार्य मिलने जा रहे हैं। नगर पंचायत ने काम कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी है। निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही काम भी शुरू कराए जाएंगे।
नगरीय निकायों में काम और विकास कार्यों को कराए जाने के लिए 15वें और राज्य वित्त आयोग की मद में रुपये शासन की ओर से मिलते हैं। नगरीय निकाय की कार्ययोजना पर प्रशासन की तरफ से परीक्षण के बाद उपयोगी कामों को स्वीकृति दी गई है। इसमें नगर पंचायत पाली में करीब एक करोड़ से अधिक रुपये से काम कराया जाएगा।
-
नगर पंचायत की ओर से यह काम कराए जाएंगे
नगर पंचायत पाली की ओर से 15वें वित्त आयोग और राज्य वित्त आयोग की मद से वार्ड संख्या-6 के मोहल्ला आजादनगर में राम मोहन के मकान से गिरीश के मकान तक सीसी रोड और नाली, आजादनगर में ही निर्माणाधीन रोडवेज बस अड्डा से रामरूप के मकान तक सीसी रोड और नाली, वार्ड संख्या-4 में मोहल्ला बिरहना ख्वाजगीपुर से पुत्तू के मकान के पास होते हुए मुकेश के मकान तक सीसी रोड और नाली, बिरहना ख्वाजगीपुर में सुखराम के मकान से मोनू के मकान तक सीसी रोड व नाली, वार्ड संख्या-12 में मोहल्ला भगवंतपुर में सुरेश दीक्षित के मकान से महेश शर्मा के मकान तक सीसी रोड और नाली, भगवंतपुर में ही मकरंद के मंदिर से शानू शुक्ला के मकान तक सीसी रोड और नाली और सुधाकर शुक्ला के मकान से केशराम कुशवाहा के मकान तक सीसी रोड व नाली, भगवंतपुर में महिलापाल चौराहे से पप्पू खां के मकान तक सीसी रोड व नाली, वार्ड संख्या-9 में मोहल्ला सुलहसराय बेनीगंज में हरदेव राजा स्थल पर संस्कार भवन, जूनियर हाईस्कूल, प्राथमिक पाठशाला पाली बाजार और कन्या प्राथमिक पाठशाला के सुंदरीकरण, वार्ड संख्या-1 के मोहल्ला शेखसराय अहमदपुर में सजर मोहम्मद के मकान से सुंदर चौराहे से अहमदनपुर की तरफ लिंक रोड पर नाला बनवाए जाने का काम शामिल है।
-
पेयजल के लिए सार्वजनिक स्थानों पर लगेंगे 50 इंडिया मार्का-टू हैंडपंप
नगर पंचायत की ओर से दिसंबर में शुरू की गई काम कराने की प्रक्रिया में आमजन के लिए सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 50 स्थानों पर इंडिया मार्का-टू हैंडपंप लगवाया जाना शामिल है। वहीं, नगर पंचायत कार्यालय में 25,97,172 रुपये से अध्यक्ष कक्ष भी बनवाया जाना शामिल है।
-
नगरीय निकायों में आमजन की सुविधा और सहूलियत के कामों को कराया जाना प्राथमिकता में है। 15वें और राज्य वित्त आयोग की मद के रुपये से काम कराने के लिए नगरीय निकायों की कार्ययोजना पर स्वीकृतियां दी जा रही हैं। वहीं, नगर पंचायत पाली में एक करोड़ से अधिक रुपये के कामों के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। -अनुनय झा, जिलाधिकारी