पिहानी। व्हाट्सएप ग्रुप पर पैगंबर मोहम्मद साहब, हजरत अबू बक्र और हजरत आयशा पर आपत्तिजनक टिप्पणी से मुस्लिमों में रोष फैल गया। जमीयत उलेमा ए हिंद के जिलाध्यक्ष कारी ताहिर बेग के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने कोतवाली पहुंच कर विरोध दर्ज कराया। आरोपी के खिलाफ तहरीर भी पुलिस को दी।
व्हाट्सएप स्पेशल ग्रुप पर शनिवार शाम मोहल्ला मिश्राना निवासी एक युवक ने अपने मोबाइल से आपत्तिजनक पोस्ट डाली दी। इस पर आक्रोश फैल गया। जमीयत उलेमा ए हिंद के जिलाध्यक्ष कारी ताहिर बेग, पालिकाध्यक्ष के प्रतिनिधि सैफ सईद खां, ईदगाह के इमाम मौलाना उस्मान गनी मजाहिरी, हाफिज अतीकुर्रहमान, मौलाना अताउल्लाह कासमी, सुबहान कुरैशी समेत बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे। कोतवाल को तहरीर देकर युवक पर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल छोटे लाल ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत किया। कोतवाल ने बताया कि आरोपी शुभम मिश्रा को हिरासत में लिया गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।