हरदोई। राजकीय इंटर कालेज में भी ऑनलाइन शिक्षण की शुरूआत हो चुकी है। कालेज के 13 शिक्षकों ने 2000 छात्रों के पठन-पाठन की जिम्मेदारी का निर्वहन तकनीक के माध्यम से करना शुरू कर दिया है। संबंधित जिम्मेदारों की माने तो शुरूआती दौर में 25 फीसदी छात्र व्हाट्स एप ग्रुप में शामिल हुए हैं। जल्द ही लाभांवित होने वाले छात्रों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
लॉकडाउन के चलते सभी कालेज विद्यालय बंद हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन की प्रक्रिया किसी तरह से बाधित न हो इसको लेकर शासन तो ऑनलाइन व्यवस्था पर जोर दे ही रहा है। जिला स्तर पर भी कालेज प्रबंधन अपने छात्र-छात्राओं के पठन पाठन को लेकर गंभीर है। शासन की ओर से 20 अप्रैल से ऑनलाइन व्यवस्था को शुरू किया जाना था इससे पहले ही घंटाघर रोड स्थित राजकीय इंटर कालेज ने आनलाइन शिक्षण व्यवस्था शुरू कर दी है।
प्रधानाचार्य सुधाकर बाजपेई ने बताया कि उनके कालेज में कक्षा छह से 12 तक लगभग दो हजार छात्र हैं। कालेज में 17 शिक्षक हैं लेकिन चार बाहर अटैच हैं। इसके बाद सिर्फ 13 शिक्षक हैं और उन्होंने अपनी अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए ऑनलाइन टीचिंग की शुरूआत कर दी है। व्हाट्स एप ग्रुप जो बनाए गए हैं उसमें विषयवार कंटेंट भी डाले जाने लगे हैं।
हरदोई। प्रधानाचार्य ने बताया कि कालेज में कक्षावार व्हाट्स एप ग्रुप बनाए गए हैं। बच्चों के मोबाइल नंबर का रिकार्ड पहले से ही विद्यालय में था जिनको लेकर ग्रुप बनाया गया है। शुरुआती दौर में जो नंबर रजिस्टर में थे उनमें से सिर्फ 25 फीसदी बच्चों के नंबर व्हाट्स एप पर थे। उनको शामिल करते हुए ग्रुप तैयार किया गया है।
हरदोई। प्रधानाचार्य ने बताया कि ग्रुपों पर अपील कर दी गई है कि यदि किसी के पास खुद का नंबर न हो तो माता-पिता या अन्य परिवारी जन का व्हाट्स एप नंबर दे सकता है। जिनसे वह शिक्षण सामग्री प्राप्त कर सकता है।
हरदोई। प्रधानाचार्य सुधाकर बाजपेई का कहना है कि यदि छात्र रुचि ले लें तो वास्तव में सार्थक परिणाम नजर आएंगे। शिक्षकों को भी बाद में कोर्स पूर्ण कराने में जल्दबाजी नहीं करनी होगी। बच्चों को रूचि लेने की आवश्यकता है।