संडीला। अधिवक्ता संघ की निर्वाचन प्रक्रिया के तहत शनिवार को चुनाव कमेटी ने अधिवक्ता भवन में नामांकन पत्रों की जांच की। खामियां मिलने पर कमेटी ने अध्यक्ष पद के दावेदार प्रेमशंकर गुप्ता एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के दावेदार कामता प्रसाद सिंह का नामांकन पत्र निरस्त कर दिया है।
निर्वाचन अधिकारी तौहीद हसन ने बताया कि शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान कमेटी ने विभिन्न पदों पर दावा प्रस्तुत करने वालों के नामांकन पत्रों की शनिवार को जांच की। इस दौरान अध्यक्ष पद पर नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रेमशंकर गुप्ता व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नामांकन प्रस्तुत करने वाले कामता प्रसाद सिंह की सदस्यता का समय कम मिलने पर दोनों के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए।
संघ के बॉयलाज में चुनाव लड़ने के लिए अनुभव, सदस्यता की अवधि निर्धारित है। दोनों दावेदारों की सदस्यता अवधि बायलॉज के मुताबिक नहीं मिली। बताया कि अन्य दावेदारों के नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर समीउद्दीन, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर ठाकुर प्रसाद एवं प्रशासनिक मंत्री के पद पर मुकेश कुमार गुप्ता का एकल नामांकन प्राप्त हुआ है, जिसके कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। निर्वाचन अधिकारी तौहीद हसन ने बताया कि नाम वापसी के बाद 23 दिसंबर को पदों पर मतदान प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।