लखनऊ। हरदोई के संडीला इलाके में कपड़ा कारोबारी मो. अहसान रहते हैं। उनके मुताबिक, 18 सितंबर को वह भाई संग माल खरीदने लखनऊ आए थे। उनके दोस्त राजेश यादव ने एक कारोबारी का नंबर देते हुए उससे माल खरीदने की बात कही। दिए गए नंबर पर कॉल की तो फोन उठाने वाले ने नॉवेल्टी सिनेमा हाॅल बुलाया। अहसान अपने भाई संग वहां पहुंचे तो उनकी मुलाकात आरोपी से हुई।
आरोपी ने बताया कि उसका कमरा दारुलशफा के अंदर है। उसने कमरे में चलकर चाय पीने की पेशकश की। अहसान ने अपने भाई को चाय लाने के लिए भेज दिया। दारुलशफा के अंदर सीढ़ियां चढ़ते वक्त आरोपी ने रुपये मांगे। उसके मकसद से अनजान अहसान ने बैग से एक लाख रुपये निकाल कर उसे दे दिए। इस बीच आरोपी ने एक रूमाल निकाला और कसकर अहसान की नाक की तरफ झटक दिया। इससे अहसान अचेत हो गए। जब उनको होश आया तो आरोपी नहीं था।