हरदोई। बिलग्राम मार्ग पर सफर की सोच रहे हैं तो, दर्द भी मुफ्त में मिलेगा और वाहन को नुकसान भी पहुंचना तय है।
सेमरा चौराहा से आगे करीब एक किमी. लंबाई में मार्ग कहीं-कहीं पर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है और इस भाग में 150 से अधिक बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इससे दो-चार पहिया वाहन चालकों और सवारियों को दर्द भी मिल रहा है और सफर में समय भी लग रहा है।
हरदोई-बिलग्राम मार्ग अब नेशलन हाईवे अथार्टी ऑफ इंडिया के अधीन है। भारी वाहनों के आवागमन ने मार्ग की सूरत ही बिगाड़ दी है। इससे कई स्थानों पर तो सड़क नाम के लिए है और पूरी की पूरी सड़क की बजरी तक उखड़ गई है।
होली से पहले मार्ग की मरम्मत का काम शुरू हुआ तो, लोगों को लगा कि सफर आसान हो जाएगा। सेमरा चौराहा के पास करीब एक किमी. लंबाई में नवीनीकरण के बाद काम ठप हो गया। मार्ग पर प्रतिदिन औसतन एक हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। मार्ग का नवीनीकरण बीते सात साल से नहीं कराया गया है।
मार्ग पर आवागमन करने वाले हिमांशु कुमार, शिवांक कुमार, सुशील कुमार, शशांक सिंह, प्रखर वर्मा, आशीष सिंह और क्षेत्रीय प्रधान राजेश कुमार व पूर्व प्रधान ने बताया कि गड्ढों के कारण आवागमन में दिक्कतें होती हैं। वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। जरा सी चूक होते ही हादसा होना तय है।
नवीनीकरण में विभाग ने खड़े किए हाथ
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-2 बिलग्राम के अधिशासी अभियंता बृजेश दीपक ने बताया कि मार्ग की मरम्मत को लेकर पोर्टल पर शिकायत मिली थी। शिकायत के संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों से पत्राचार किया गया। अधिकारी ने जानकारी दी है कि 7 किमी. मार्ग का सात साल से नवीनीकरण नहीं हुआ है। नवीनीकरण के लिए बजट की मांग की गई है।