अलग अलग हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। वहीं चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के अब्दुल पुरवा निवासी नसीफ खां (33) पुत्र समीउल्ला रविवार को बाइक से जा रहे थे। रास्ते में बढै़यन पुरवा के पास दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। जिला अस्पताल में रात में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि उसके दो पुत्र और दो पुत्री है। इधर, बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बरखेरा निवासी बबिता (26) पत्नी मुनेंद्र सड़क हादसे में घायल हो गईं।
वहीं हरियावां थाना क्षेत्र के बिलहरी निवासी बाबू के पुत्र अभिषेक (5) को साइकिल सवार ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, थाना क्षेत्र के ग्राम बरौना निवासी दिव्य अयोध्या आनंद सरस्वती स्कूल के प्रबंधक डा. कमलेश कुमार (40) पुत्र अयोध्या प्रसाद अपने साथी मुन्नी लाल (24) पुत्र केदार निवासी मेहदीपुर के साथ बाइक से बिलग्राम जा रहे थे। रास्ते में कटरा -बिल्हौर मार्ग पर फरहत नगर रेलवे स्टेशन के निकट डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। उनको स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पर चिकित्सक संजय सिंह ने कमलेश को हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया। डीसीएम चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया।