हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र में बखरिया के पास मंगलवार देर रात कार की डीसीएम से भिड़ंत हो गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। सभी बावन कस्बे में बारात में शामिल होकर फर्रुखाबाद स्थित घर जा रहे थे।
फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर के डेबरी गांव निवासी इच्छाराम के बेटे छोटे की बारात बावन आई थी। बारात में गांव निवासी मुनेंद्र (20) पुत्र राम प्रकाश, सुरेंद्र (65) पुत्र लल्लू सिंह, जगतराम (45) पुत्र ज्वाला प्रसाद, विपिन पुत्र मुरारी और अमित पुत्र संतराम कार से आए थे।
रात करीब 12 बजे सभी घर जा रहे थे। लोनार के बखरिया गांव के पास डीसीएम से उनकी कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में चालक मुनेंद्र की मौत हो गई। सुरेंद्र और जगतराम घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
हादसे की सूचना पर उनके परिजन अस्पताल पहुंचे। मुनेंद्र के पिता ने बताया कि वह बीए फाइल का छात्र था। दो भाइयों में छोटा था। एसओ ओपी सिंह ने बताया कि उन्हें अभी मामले की तहरीर नहीं मिली है।