माधौगंज (हरदोई)। थाना क्षेत्र में बिल्हौर-कटरा मार्ग पर ग्राम शेखनपुर के निकट शुक्रवार दोपहर पेट्रोल भरा टैंकर पिकअप में टक्कर मारने के पिकअप पर ही पलट गया। हादसे में पिकअप में सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बिल्हौर-कटरा मार्ग पर जाम लग गया। लगभग आधे घंटे बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात शुरू कराया।
कानपुर देहात जनपद के घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर भितरगांव निवासी छोटू उर्फ राज (22) पुत्र ज्ञानेंद्र सिंह की बहन उत्पल वर्ना लाल बहादुर इंटर कालेज अटवा में शिक्षिका हैं। छोटू बहन उत्पल की स्कूटी को सर्विसिंग के लिए डालने हरदोई गया था। सेंटर पर स्कूटी देने के बाद वह पिकअप से वापस माधौगंज जा रहा था। माधौगंज थाना क्षेत्र में बिल्हौर-कटरा मार्ग पर शेखनपुर के निकट कानपुर की ओर से पेट्रोल लेकर आ रहे टैंकर ने शेखनपुर के निकट पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिकअप सड़क किनारे पलट गई।
टैंकर भी इसी पिकअप पर पलट गया। घटना में छोटू की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप चालक श्रवण कुमार (30) पुत्र खुशीराम निवासी चांद बेहटा कोतवाली शहर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी माधौगंज में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मशक्कत कर जाम खुलवाया।
टैंकर से रिसने लगा पेट्रोल तो मची अफरा तफरी
पिकअप पर पलटने के बाद टैंकर में भरा पेट्रोल रिसने लगा। इससे मौके पर अनहोनी की आशंका पर अफरा तफरी मच गई। हालांकि पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए अग्निशमन वाहन मौके पर बुला लिए। इसके बाद सावधानी पूर्वक टैंकर को हटवाया गया।