हरदोई। चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर ई-रिक्शा और 1,100 रुपये लूटने का मामला देहात कोतवाली में दर्ज हो गया है। कई घंटों तक मामला हरियावां और देहात कोतवाली क्षेत्र की सीमा में अटका रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर देहात कोतवाली पुलिस ने मामले को दर्ज किया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुरवा निवासी विजय गुप्ता ई-रिक्शा चलाते हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह तीन युवकाें ने 350 रुपये में पिहानी तक के लिए ई-रिक्शा बुक किया था। हरदोई-पिहानी मार्ग पर बरगावां गांव के पास इन्हीं में से एक युवक ने नशीला पदार्थ सुंघाकर विजय को बेहोश कर दिया था।
इसके बाद विजय को जतुली पुलिया से 100 मीटर अंदर एक मजार के पास बेहोशी की हालत में डाल दिया था। ई-रिक्शा और विजय की जेब से 1,100 रुपये लूटकर युवक भाग गए थे। देर शाम होश आने पर विजय ने किसी तरह परिजनों को सूचना दी थी। परिजन उसे लेकर हरियावां थाने गए थे। यहां पुलिस ने उन्हें घटनास्थल देहात कोतवाली क्षेत्र में होने की बात कहकर टरका दिया था। शुक्रवार रात देहात कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर देहात कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।