जिला अस्पताल चौराहे पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की
मूर्ति को स्थापित कराने का मुद्दा लेकर शिवसेना के पदाधिकारियों और
कार्यकर्ताओं का उत्साह चार दिन के आमरण अनशन के बाद भी फीका होते नहीं दिख
रहा है। शनिवार को भी उनका अनशन जारी रहा। अनशनकारियों ने स्पष्ट कर दिया
कि नेताजी के सम्मान की खातिर संघर्ष जारी रहेगा।
आमरण अनशन पर प्रदेश
सचिव अवनीश श्रीवास्तव, रमेश चंद्र त्रिपाठी, रामनरेश अर्कवंशी, रावेंद्र
सिंह सोमवंशी, राजन वर्मा, छोटे लाल गौतम, राकेश दीक्षित बैठे हैं। राज्य
सचिव ने बताया कि अभी शिवसेना के अन्य कार्यकर्ता लगातार आमरण अनशन पर
बैठेंगे।
आगामी 20 जुलाई को डीएम कार्यालय के समक्ष जनसभा का आयोजन किया
जाएगा, जिसमें खीरी, शाहजहांपुर व बरेली के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित
किया गया है। कहा कि शिवसेना के पदाधिकारी आठ सूत्री मांगों को लेकर धरना
दे चुके हैं, इसके बाद क्रमिक अनशन और अब आमरण अनशन करने को विवश हुए हैं।
पर,
अब किसी भी सूरत में जब तक मांगों को न मान लिया जाता, तब तक आमरण अनशन
जारी रहेगा। चार दिन के आमरण अनशन के दौरान उनकी मांगों को मानने को जिला
प्रशासन की ओर से कोई सार्थक कदम नहीं उठाया गया।
आरोप लगाया कि प्रशासन
द्वारा उन लोगों के प्रति सौतेला व्यवहार किया जा रहा, जिसको शिवसेना के
पदाधिकारी बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस मौके पर सत्येंद्र पाल सिंह, कुलदीप
सिंह राठौर, उमकांत पांडे, हर्षित श्रीवास्तव, नवल किशोर तिवारी, प्रशांत
श्रीवास्तव और कमलेश कुमार आदि मौजूद थे।