हरदोई। इस दिवाली पर भी विश्व प्रसिद्ध वेब्ले एंड स्कॉट के साथ मिलकर स्याल मैन्युफैक्चरर्स ने एक नई पिस्टल बाजार में उतारी है। आठ राउंड की .32 बोर की पिस्टल रेंजर की कीमत करीब 1.70 लाख रुपये है। पिछले साल दिवाली पर कंपनी ने .32 बोर की 13 राउंड की पिस्टल लांच की थी।
संडीला औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में वेब्ले एंड स्कॉट के साथ काम कर रही स्याल मैन्युफैक्चरर्स प्रा. लि. ने 31 अक्तूबर को दिवाली से पहले ही असलहों के शौकीनों के लिए यह पिस्टल बाजार में उतारी है। कंपनी ने .32 बोर की रेंजर पिस्टल में कई खूबियों को शामिल किया है। स्याल मैन्यूफैक्चरर्स के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि कंपनी इससे पहले 7 राउंड की .45 बोर की पिस्टल, 13 राउंड की .32 बोर की रिवाल्वर सहित कई असलहे बाजार में उतार चुकी है। बताया कि परीक्षण के बाद मानक पर खरी उतरने के बाद इसकी बिक्री देश के कई राज्यों के मास्टर गन हाउस से की जा रही है।
सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि . 32 बोर की रेंजर पिस्टल सिंगल और सेमी ऑटोमेटिक होगी। इसकी नाल की लंबाई 3.75 इंच और वजन 650 ग्राम है। पिस्टल की मोटाई 30 मिलीमीटर है। बताया कि मैगजीन की क्षमता 8 प्लस 1 कार्टेज की है।
वेब्ले एंड स्कॉट की रिवाल्वर की आर्डिनेंस स्माल फैक्ट्री कानपुर से जांच हो गई है। सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया लोगों में पिस्टल देखने की उत्सुकता को देखते हुए इसे कानपुर व लखनऊ में ग्रुप के गन हाउस में रखवाया गया है।