शहर कोतवाली के मोहल्ला प्रगति नगर निवासी ईरा (60) पत्नी मुन्नूलाल गुरुवार को सर्कुलर रोड स्थिति एक धर्मशाला में गणेश उत्सव देखने गई थी। देर रात वह गणेश उत्सव से पैदल घर लौट रही थी।
मंगलीपुरवा मोहल्ला के पास सामने से आए बाइक सवार पंकज (25) पुत्र राम गुलाम निवासी वल्लीपुर कोतवाली शहर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पंकज और वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गए। पंकज ने हेलमेट नहीं लगाया था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा और हादसे की जानकारी परिजनों को दी।
जिला अस्पताल में दोनों की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में वृद्धा की मौत हो गई। पंकज को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद वृद्धा का शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।