हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेतुई में शुक्रवार की शाम वृद्ध किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुत्र ने संपत्ति के लिए हत्या करने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम खेतुई निवासी फकीरे (75) खेती करते थे। वह गांव में ही पौत्र शमशाद के साथ रहते थे। शुक्रवार की देर शाम फकीरे की घर में ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
छोटे पुत्र इस्लाम ने बताया कि एक वर्ष पहले फकीरे ने 25 बीघा भूमि बड़ी बहू के नाम वसीयत कर दी थी। इस्लाम ने जहर खिलाकर फकीरे की हत्या करने की आशंका जताई है, जबकि पौत्र शमशाद का कहना है कि फकीरे की स्वाभाविक मौत हुई है। देहात कोतवाल जितेंद्र ओझा ने बताया कि घटना संज्ञान में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।