अधिकारी अभी से राजस्व और विकास कार्यों पर काम करें : अनुनय झा
- सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने अधिकारियों से कहा कि वित्तीय वर्ष का पहला महीना बीता है, अभी से राजस्व और विकास कार्यों पर काम तेजी से करें। ताकि मासिक लक्ष्यों की पूर्ति से जनपद की सीएम डैशबोर्ड पर रैंकिंग बेहतर रहे।
डीएम ने बृहस्पतिवार शाम को स्वामी विवेकानंद सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम डैशबोर्ड पर राजस्व और विकास कार्यों की समीक्षा की। कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर सभी विभागों के अधिकारी प्रगति को समय से फीड करें। कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय योजनाओं की प्रगति बढ़ाई जाए। कहा कि सभी विभाग राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान दें और निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य को पूरा करें। उन्होंने स्टांप रजिस्ट्रेशन विभाग को प्रगति बढ़ाने के निदेश दिए। वहीं विकास कार्यों के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए तेजी से विकास और निर्माण कराने के लिए कहा। कहा कि लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। निर्माण में गुणवत्ता और देरी पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में सीडीओ सान्या छाबड़ा, एडीएम प्रियंका सिंह व प्रफुल्ल त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. रामप्रकाश, सभी एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।