हरदोई। अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होते ही इसका असर रेल यातायात पर दिखाई देने लगा है। पंजीकरण कराने के बाद भक्ताें ने बाबा के दर्शन के लिए जम्मू जाने के लिए आरक्षण कराना शुरू कर दिया है। इस कारण से जम्मू की ओर रुख करने वाली प्रमुख ट्रेनों में बर्थ के लिए मारामारी मच गई है। यात्रा के शुरुआती पखवाड़े के लिए अधिकांश ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बन गई है।
बाबा बर्फानी के दर्शन की अभिलाषा लिए शिव भक्तों का उत्साह सातवें आसमान पर है। पंजीकरण प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू हो गई है। ऐसे में जिन भक्तों का पंजीकरण पहले जत्थे के लिए हो गया है वह लोग अपनी यात्रा की तैयारियों में जुट गए हैं। जम्मू जाने के बाद लोगों ने आरक्षण करवाना शुरू कर दिया है। हरदोई रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर सुबह से ही लोगों की भीड़ नजर आने लगी है। ऐसे में अब स्थिति यह हो गई है कि लोगों को आरक्षण तक नहीं मिल रहा है।
हालांकि अभी 15 जून तक के लिए आरक्षण हो रहे हैं। आगे की तिथियों के लिए अभी विंडो ओपन नहीं हुई है। इसको लेकर लोगों ने आरक्षण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं 15 जून तक के लिए भी ट्रेनों में आरक्षण को लेकर काफी मारामारी है। इन दिनों हरदोई से जम्मू जाने वाली सभी ट्रेनों में मौजूद समय में 25 से ऊपर प्रतीक्षा सूची चल रही है। कानपुर से जम्मूतवी के बीच चलने वाली ट्रेन में तो प्रतीक्षा सूची भी समाप्त हो गई है। सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि हालात सामान्य होने के बाद ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है।