बिलग्राम क्षेत्र में पुलिस प्रताड़ना से क्षुब्ध
व्यापारी की आत्म हत्या के मामले में सीओ के बाद कोतवाल को भी कुर्सी
गंवानी पड़ी। दोनों को ही कहीं तैनाती नहीं दी गई है। वहीं कई अन्य एसआई के
भी कार्य क्षेत्र में परिवर्तन कर दिया गया है।
ज्ञात हो कि कोतवाली
बिलग्राम में कसबे में संचालित राज किशोर कपूर की ट्रैक्टर एजेंसी पर 22
मार्च को लोगों ने हमला बोल दिया था। जिसमें एजेंसी में तोड़ फोड़ की थी और
मारपीट की थी। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों से रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस
की ओर से राजकिशोर कपूर पर सुलह और मुकदमा वापस लेने और आर्थिक दोहन का
दबाव बनाया जा रहा था। जिस पर उन्होंने लखनऊ में एक होटल में आत्महत्या कर
ली और सुसाइड नोट में उन्होंने पुलिस प्रताड़ना की बात लिखी थी।
मामले में
पुलिस की संलिप्तता मिलने पर एसपी उमेश सिंह ने गुरुवार की देर रात सीओ
बिलग्राम विजय त्रिपाठी से प्रभार छीनकर उनको कार्यालय से संबद्ध कर दिया
था। उनके स्थान पर सीओ यातायात एलडी भारती को अतिरिक्त कार्य देखने के
निर्देश दिए थे।
शुक्रवार को दोपहर में एलआईयू इंस्पेक्टर हारुन रशीद
पीड़ित परिजनों से मिलकर कहा था कि कप्तान मामले की निष्पक्ष जांच कराकर
पूरा न्याय करेंगे और दोषियों पर कार्रवाई होगी। उार, एसपी ने इसी मामले
में और कार्रवाई करते हुए कोतवाल बिलग्राम शैलेंद्र सिंह से भी कुर्सी छीन
ली उनको क्राइम ब्रांच में स्थानांतरित कर दिया गया।
उनके स्थान पर शाहाबाद
के कोतवाल सुजीत दुबे को बिलग्राम कोतवाली की जिम्मेदारी दी है। वहीं
शाहाबाद का प्रभार जन सूचना में तैनात राजेश कुमार को दिया गया है। उधर,
एसपी ने कई दारोगाओं के कार्य क्षेत्र में भी परिवर्तन कर दिया है।
टड़ियावां में तैनात एसआई दिनेश कुमार को गौसगंज चौकी की कमान दी है।
गौसगंज चौकी प्रभारी विनोद मौर्य को बिलग्राम कोतवाली भेजा गया है। माधौगंज
के रामेंद्र कुमार को जहानीखेड़ा चौकी का प्रभार और जहानीखेड़ा के चौकी
प्रभारी महेश पाल सिंह को एसएसआई संडीला बनाया गया है। देहात कोतवाली में
तैनात दारोगा अशोक कुमार को सरदारगंज चौकी का प्रभारी बनाया गया।
वहीं
पुलिस लाइन से प्रताप सिंह को माधौगंज, ज्ञानेंद्र कुमार को पिहानी,
जितेंद्र प्रताप सिंह को देहात कोतवाली और देवेंद्र कुमार को बिलग्राम भेजा
गया है।