हरदोई। गांव में विकास, निर्माण और ग्राम पंचायतों की बैठक को कोरम पूरा न होने के बाद किए जाने की पुष्टि पर जिलाधिकारी ने गौतरा और भटौली के प्रधान सहित को कारण बताओ नोटिस जारी है। साक्ष्य सहित जवाब मांगे हैं। कहा है कि जवाब न प्राप्त और संतोषजनक न होने पर प्रधानों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई कराई जाएगी।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विकास खंड हरपालपुर की ग्राम पंचायत भटौली धारम के मजरा मिधौली निवासी उमेश कुमार आदि की शिकायत पर कार्रवाई शुरू की है। प्रकरण की जांच भूमि संरक्षण अधिकारी द्वितीय और नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता ने की है। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी की पुष्टि की गई है। हैंडपंप रिबोर आदि में मनमानी की भी जानकारी सामने आई है। डीएम ने प्रधान हरिशंकर मिश्रा और पंचायत सचिव उदय प्रताप सिंह से 15 दिन में साक्ष्य सहित जवाब मांगा है।
उन्होंने विकास खंड माधौगंज की ग्राम पंचायत गौतरा निवासी धर्मेंद्र कुमार आदि के शिकायती पत्र पर सीवीओ और लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-दो के अधिशासी अभियंता की जांच रिपोर्ट पर नोटिस जारी किया है। प्रधान किरन देवी और पंचायत सचिव विजय कुमार को जारी नोटिस में कहा है कि कोरम पूरा न होने के बाद भी मनमाने ढंग से बैठक की गई। बैठक में प्रशासनिक, निर्माण, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं कल्याण, शिक्षा और नियोजन एवं विकास समितियों का गठन किया गया है। कार्यवाही रजिस्टर में ग्राम पंचायत सदस्यों के प्रतिभाग न करने पर ही चर्चा किया जाना दर्ज किया गया है। प्रधान और पंचायत सचिव से 30 दिन में जवाब मांगे हैं।