जिलाधिकारी पुलकित खरे ने सोमवार को सांडी के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में संचालित सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने खाने की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली। निर्देश दिए कि सामुदायिक रसोई में जरूरतमंदों को ही भोजन कराया जाए।
सामुदायिक रसोई में पहुंचे डीएम ने नगर पालिका के अवर अभियंता को निर्देश दिए कि यहां भोजन करने वाले सभी लोगों का नाम, पता व मोबाइल नंबर जरूर नोट करें।
इससे पहले डीएम ने हरदोई में स्थित रोडवेज बस अड्डे का भी जायजा लिया। बाहर से आने वाले श्रमिकों को तहसीलवार भेजने के लिए सीएसएन डिग्री कालेज में पंडाल लगवाने के निर्देश डीएम पुलकित खरे ने कटियारी डिग्री कालेज में स्थित क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण भी किया।
उन्होंने सेंटर में रुके प्रवासी श्रमिकों के बारे में जानकारी ली। एसडीएम सवायजपुर मनोज कुमार सागर को निर्देश दिए कि सभी प्रवासी श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग कराएं और संदिग्ध मिलने पर कोरोना की जांच कराएं।
सेंटर में गुणवत्तापरक भोजन देने के अलावा दोपहर में चीनी और नींबू का शर्बत, केला व खीरा भी दें। क्वारंटीन सेंटर से वापस जाने वाले श्रमिकों को राशन किट उपलब्ध कराने और गांव तक छोड़ने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।