शाहाबाद/सांडी। नोटबंदी मोदी सरकार का सबसे बड़ा फैसला है। इस फैसले से देश की पूंजी पर कब्जा जमाए दो फीसदी पूंजीपतियों और कालेधन से राजनीति करने वाले दलों की कमर टूट गई। अब योगी सरकार भूमाफिया का सफाया करने के लिए अभियान चला रही है। ये बात सोमवार को शाहाबाद और सांडी की जनसभा में सूबे केबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने कही।
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने सोमवार को शाहाबाद और सांडी में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भूमाफियाओं को चिह्नित कराने का काम शुरू करा दिया है।
सपा सरकार में जमीनों पर अवैध रूप से कब्जे किए गए थे, अब उनके खिलाफ कार्रवाई हो रही है तो बदले की भावना से काम करने की आरोप लगाए जा रहे हैं। सपा मानसिकता वाले अधिकारियों को हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। मौर्या ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा देश में कराए गए विकास का आज पूरी दुनिया में डंका बज रहा है।
केबिनेट मंत्री ने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास, किसानों की कर्ज माफी योजनाओं के साथ पाकिस्तान के खिलाफ हुई सर्जिकल स्ट्राइक का भी जिक्र किया। सांसद अंशुल वर्मा ने कहा कि मूल कार्यकर्ता को साथ लेकर चलना जरूरी है।
सभा को विधायक रजनी तिवारी, अजय वाजपेयी भुल्लन, अखिलेश पाठक, रामनाथ त्रिपाठी, वीरेंद्र सिंह रामबहादुर सिंह ने भी संबोधित किया। विभाग संगठन मंत्री सुरेंद्र गुप्ता, राजा बक्स सिंह, अरुण मौर्या, समीर सिंह, पीके वर्मा, आजाद भदोरिया ,उमेश गुप्ता, सांडी नगर पालिका अध्यक्ष रामजी गुप्ता, राजेश पाठक, राजाराम कुशवाहा ,संजीव राजपूत, नीरज सिंह राधा त्रिपाठी, अनिल शुक्ला प्रमोद रस्तोगी अमित मिश्रा आरती मिश्रा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।