फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो दिन से 120 गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित, लोग परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
बेहटागोकुल। रविवार शाम आंधी और बारिश के बाद बेहटागोकुल स्थित विद्युत उपकेंद्र में रखा 5 एमवीए का मुख्य ट्रांसफार्मर फुंकने से 120 गांवों के लोग परेशान हैं। उन्हें दो दिन से बिजली संकट के कारण पानी भी नहीं मिल पा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मेरठ से नया ट्रांसफार्मर मंगाया जा रहा है।
विज्ञापन

कस्बा स्थित उपकेंद्र के तीन फीडर मानपुर, अटवा व टोडरपुर से क्षेत्र के 120 से अधिक गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। रविवार शाम आई तेज आंधी और झमाझम बारिश के दौरान उपकेंद्र में लगा पांच एमवीए का मेन ट्रांसफार्मर फुंक गया था।
इसके बाद से बेहटागोकुल समेत उपकेंद्र के तीनों फीडरों से जुड़े मानपुर, अमखेरवा, सहिजना, बेहटा धीरा, नेवादा, बल्हेरा, सिकंदरपुर, अटवा, पलिया, आंट व टोडरपुर समेत 120 गांवों में बिजली गुल है। गर्मी में लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि उपकेंद्र से सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। जेई मनोज पांडे ने बताया कि ट्रांसफार्मर की डिमांड भेज दी गई है।
विज्ञापन

नया ट्रांसफार्मर मेरठ से आना है। बुधवार शाम तक ट्रांसफार्मर आने की जानकारी है। ट्रांसफार्मर आने के बाद उसे लगवाने में भी दो से तीन दिन लगेंगे। इसके बाद ही आपूर्ति बहाल हो सकेगी। आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र में स्थित बैंकों, डाकघरों, थाना व सरकारी दफ्तरों में कामकाज प्रभावित है।
पेयजल संकट गहराया
बेहटागोकुल। क्षेत्र के ग्राम मानपुर में स्थित पानी की टंकी से गांव के छह हजार लोगों को पेयजल की आपूर्ति की जाती है। रविवार शाम से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित है। ऐसे में मोटर न चलने से टंकी में पानी भी नहीं भर पा रहा है। लोगों को पेयजल की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। इससे लोगों को खासी परेशानी हो रही है।
वर्जन
नया ट्रांसफार्मर बुधवार सुबह तक पहुंच जाएगा। ट्रांसफार्मर पहुंचने के बाद उसे लगवाकर जल्द आपूर्ति बहाल की जाएगी।
- एनके मिश्रा, अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग
लोगों ने बताई परेशानी
बेहटागोकुल निवासी नीरज ने बताया कि लॉकडाउन के कारण लोग घरों मेें ही रह रहे हैं। बिजली न आने से गर्मी में परेशानी हो रही है।
मानपुर गांव निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि घरों में टंकी से पानी आता है। आपूर्ति बाधित होने से दो दिन पानी की सप्लाई नहीं हो रही।
बेहटाधीरा गांव निवासी अमित सिंह ने बताया कि दो दिन से बिजली न मिलने से परेशानी हो रही है। पता नहीं अभी आपूर्ति बहाल होने में और कितना समय लगेगा।
मानपुर गांव निवासी पप्पू शर्मा ने बताया कि रविवार से बिजली संकट है। मोबाइल भी नहीं चार्ज हो पा रहा है। आटा चक्की भी बंद है। लोगों को खासी परेशानी हो रही है।
ट्रांसफार्मर फुंकने से हरपालपुर कस्बे में बिजली संकट
हरपालपुर। कस्बे में थाने के पास लगा ट्रांसफार्मर सोमवार रात फुंक गया। इसके बाद से आधे कस्बे में आपूर्ति ठप हो गई। रमजान का महीना शुरू हो गया है। आपूर्ति बाधित होने से सहरी के वक्त रोजेदारों को खासी परेशानी हो रही है। पलिया विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता वीरेंद्र रावत ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर मंगाया गया है। बुधवार शाम तक ट्रांसफार्मर बदलवा कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें