बिलग्राम। पांच दिन से कस्बे में मोहल्ला कासूपेट का ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। इसके कारण मोहल्ला कासूपेट व सैय्यदबाड़ा के साढ़े तीन हजार लोग गर्मी में परेशान हैं। लोगों को पानी के लिए भी भटकना पड़ रहा है। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोड अधिक होने के कारण मुख्यालय से अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर मंगाया गया है।
कस्बे के मोहल्ला कासूपेट में पूर्व पालिकाध्यक्ष सईद अहमद अंसारी के घर के पास लगे ट्रांसफार्मर से मोहल्ला कासूपेट समेत सैय्यदबाड़ा के बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति की जाती है। संबंधित क्षेत्र की आबादी लगभग साढ़े तीन हजार है। शुक्रवार दोपहर दो बजे ये ट्रांसफार्मर फुंक गया था, जिसके बाद से संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोग देर रात तक इंतजार करते रहे, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। उपकेंद्र पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद शनिवार को भी पूरा दिन इंतजार में बीत गया।
रविवार को फिर शिकायत किए जाने पर बिजली विभाग के कर्मी ट्रांसफार्मर लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन इसकी क्षमता कम होने पर लोगों ने कर्मियों को लौटा दिया। हाल ये है कि मंगलवार शाम तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगवाया जा सका है। पांच दिन से संबंधित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी है। लोगों के लिए जरूरत का पानी तक जुटाना मुश्किल हो गया है। बिजली आधारित कारोबार भी ठप पड़े हैं। जेई लालकरण गंगवार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद ही नए ट्रांसफार्मर की डिमांड भेज दी गई थी। रविवार को एक ट्रांसफार्मर मिला था, जिसकी क्षमता कम थी। नया ट्रांसफार्मर मिलते ही संबंधित क्षेत्र की आपूर्ति बहाल की जाएगी।
मोहल्ला कासूपेट निवासी दिलीप ने बताया कि शुक्रवार से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोग बेहाल हैं। भीषण गर्मी में बिजली के बिना रहना सजा के जैसा है। कहा कि शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदलवाया।
प्रीतम ने बताया कि लगातार पांच दिन से बिजली आपूर्ति न मिलने के कारण कूलर, पंखा समेत अन्य सारे उपकरण शोपीस बन कर रह गए हैं। फोन तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। मोबाइल चार्ज कराने के लिए लोगों को दूसरे मोहल्लों में जाना पड़ रहा है।
शहनाज ने बताया कि अधिकांश घरों में मोटर व सबमर्सिबल लगे हैं। घरों से हैंडपंप नहीं हैं। पांच दिन से लाइट न आने पर पानी जुटाने के लिए मोहल्ले में हैंडपंपों के आगे लोगों को लाइन लगानी पड़ रही है।
मोहल्ला कासूपेट निवासी कल्लू ने बताया कि पांच दिन से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। लगातार शिकायतें की जा रही हैं। संपर्क करने पर अधिकारी आज या कल ट्रांसफार्मर बदले जाने का बहाना बनाकर चलता कर देते हैं।