हरदोई। होली की खुमारी के साथ ही वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले विभागीय लक्ष्यों को भी पूरा किए जाने पर अधिकारियों ने ध्यान दिया है। जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को विभागीय कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा में नौ विकास खंडों में ऑडिट के प्रकरणों के 50 प्रतिशत से कम निस्तारण पर नाराजगी जाहिर की। एडीओ पंचायत को नौ मार्च तक निस्तारण कराने के निर्देश और कम स्थिति पर प्रतिकूल प्रविष्टि की चेतावनी दी है।
डीपीआरओ ने सहायक विकास अधिकारियों और पंचायत सचिवों, परियोजना प्रबंधक, जिला कंसल्टेंट से वर्चुअल संवाद किया। पंचायत सचिवों को निर्देश दिए कि डिजिटल लाइब्रेरी के लिए चिह्नित पंचायत भवन के कक्ष को व्यवस्थित करा लिया जाए। इसकी फोटो भी उपलब्ध कराएंगे। चयनित ग्राम पंचायतों में फर्नीचर की आपूर्ति शुरू हो गई है। फर्नीचर के स्पेसिफिकेशन अनुसार सत्यापन भी कर लिया जाए। ऑडिट प्रकरणों की समीक्षा में साल 2019-20 से साल 2023-24 तक के प्रकरणों को निस्तारण कराने की जिम्मेदारी एडीओ पंचायत को दी।
एडीओ से कहा कि निस्तारण में लापरवाही करने वाले पंचायत सचिवों के विरुद्ध कार्रवाई करें। विकास खंड भरावन, भरखनी, बिलग्राम, हरियावां, हरपालपुर, कछौना, पिहानी, सांडी और संडीला में निस्तारण की स्थिति 50 प्रतिशत से कम होने पर नाराजगी जाहिर की। एडीओ से कहा कि नौ मार्च तक प्रगति न बढ़ाने वाले ब्लॉक के एडीओ की रिपोर्ट सीडीओ को दी जाएगी और प्रतिकूल प्रविष्टि करा दी जाएगी।
बताया कि अंत्येष्टि स्थलों को बनवाए जाने और फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। बावन, सुरसा और शाहाबाद के एडीओ ने नौ मार्च तक 50 प्रतिशत काम कराने का भरोसा दिया है। सीएम डैशबोर्ड पर केंद्र वित्त और राज्य वित्त आयोग मद के रुपये से काम और भुगतान और आरआरसी संचालन में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।