हरदोई। यूपी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल में निखिल कुमार ने 97.17 प्रतिशत और इंटर में रिया पटेल ने 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश की सूची में स्थान बनाया साथ ही जिला टॉप किया है। जिले के छह होनहारों ने बोर्ड की टॉप टेन सूची में स्थान प्राप्त कर जिले का गौरवान्वित किया है। इनमें हाईस्कूल के दो छात्र व एक छात्रा और इंटरमीडिएट की तीन छात्राएं शामिल हैं।
रामलाल सिंह पब्लिक सदरपुर के निखिल कुमार ने हाईस्कूल में प्रदेश स्तर पर छठवें और जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसी विद्यालय के राज वर्मा ने प्रदेश में सातवां और जनपद में दूसरा स्थान प्राप्त किया। सरस्वती विद्या मंदिर विष्णुपुरी की अंजली यादव ने प्रदेश में नौवां और जनपद में तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, इंटर के श्री दर्शन लाल इंटर कॉलेज के ईश्वरपुर साईं की रिया पटेल ने प्रदेश स्तर पर सातवां और जनपद में प्रथम, स्वामी रामकृष्ण परमहंस इंटर कॉलेज मलिहामऊ की शिवांगी मिश्र ने प्रदेश में आठवां और जनपद में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा श्री दर्शन लाल इंटर कॉलेज ईश्वरपुर साईं की मारिषा द्विवेदी ने प्रदेश में आठवां और जनपद में तीसरा स्थान प्राप्त किया।