हरदोई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों ने सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन समेत विभिन्न मांगों को उठाया और पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
एनएचएम कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष जावेद खान के निर्देशन में संविदा कर्मियों ने सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने सीएमओ भवनाथ पांडेय को ज्ञापन दिया। इसमें कहा गया कि 24 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत संविदाकर्मियों के नियमितीकरण की स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने नियमितीकरण होने तक समान कार्य-समान वेतन के आधार पर वेतन वृद्धि की मांग की।
कर्मचारियों ने 10 लाख रुपये की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, ईपीएफ, एचआरए और ग्रेच्युटी जैसे लाभों की मांग की। उन्होंने गैरजनपद स्थानांतरण नीति, अनुकंपा नियुक्ति और आउटसोर्स कर्मियों के जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजन की भी मांग रखी। नियमित भर्तियों में 25 फीसदी कोटा निर्धारित करने की बात भी कही गई। संघ ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आठ, नौ और 10 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर कार्य बहिष्कार होगा, जिसके बाद 12 अक्तूबर को प्रदेश मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सुजीत कुमार सिंह, आशीष श्रीवास्तव, सुनील त्रिपाठी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।