हरदोई। नववर्ष पर लोगों में उत्साह दिखा। सुबह से ही मंदिरों, गुरुद्वारे, चर्च में भीड़ रही। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर बड़ों का आशीर्वाद लिया। खुशियाें की डोर बंधी रहने व सुख-समृद्धि की कामना की। सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का दौर चला।
नववर्ष की सुबह कोहरे के साथ हुई। इसके बाद भी सुबह से ही लोग धार्मिक स्थलों में ईष्ट के दर्शन करने के लिए गए। शहर के रामजानकी मंदिर, शिव भोले मंदिर, बालाजी मंदिर खेतुई, खाटू श्याम मंदिर, हरदेव बाबा मंदिर, श्रवण देवी मंदिर, काली देवी मंदिर, बाबा सिद्धनाथ मंदिर में भीड़ रही।
रेलवे गंज स्थित नानक देव गुरुद्वारे में सुबह से ही लोग अरदास करने पहुंच गए। गुरुग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेका।
वहीं चर्च में नववर्ष पर विशेष प्रार्थना हुई। सोशल मीडिया पर रात से ही बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। जो रविवार को पूरे दिन जारी रहा। गिफ्ट व गुलदस्तों की दुकानों पर भीड़ रही।