हरदोई। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के खाद्यान्न उठान में लापरवाही व देरी पर चार फर्मों पर कार्रवाई की संस्तुति की गई है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने रीजनल फूड ऑफिसर (आरएफसी) से फर्मों के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है। समय से उठान न होने पर शेष खाद्यान्न के लैप्स होने की भी आशंका जाहिर की है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अब उचित दर विक्रेताओं को आवंटित खाद्यान्न उनकी दुकान पर ही प्राप्त कराए जाने की सिंगल स्टेज योजना में व्यवस्था की गई है। इसके लिए आपूर्ति विभाग की ओर से फर्मों को काम सौंपा गया है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी अनुराग पांडेय ने खाद्यान्न उठान की समीक्षा में पाया कि फर्मों की ओर से पर्याप्त संख्या में वाहन (ट्रक) न लगाए जाने से खाद्यान्न उठान समय से नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा है कि ट्रक न आने से गोदामों पर श्रमिक आकर बैठे रहते हैं। परिवहन ठेकेदारों की ओर से वाहनों को लगाए जाने में प्रत्येक माह ही लापरवाही की जा रही है।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी अनुराग पांडेय ने आरएफसी को खाद्यान्न उठान में लापरवाही के लिए कार्रवाई की संस्तुति का पत्र भेजा गया है। इसमें हरदोई नगर और ब्लॉक बावन क्षेत्र के लिए मेसर्स ओम प्रकाश गुप्ता, अहिरोरी, टड़ियावां के लिए मेसर्स बालाजी कंस्ट्रक्शन, बिलग्राम, मल्लावां और माधौगंज के लि मेसर्स शिवशक्ति कांट्रेक्टर एंड सप्लायर्स, बेनीगंज, कछौना और भरावन के लिए मेसर्स विजेंद्र सिंह के नाम शामिल हैं।