हरदोई। लखनऊ-मुरादाबाद रेलवे ट्रैक पर शाहजहांपुर के रोजा जंक्शन के पास मेगा ब्लॉक लगने से डाउन ट्रैक की ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। ट्रेनें निर्धारित समय से कई-कई घंटे देरी से पहुंचीं। वहीं, चार जोड़ी ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों को परेशानी हुई।
स्थानीय स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों की सोमवार को रफ्तार काफी धीमी रही। रोजा के पास मेगा ब्लॉक लगने से स्थानीय स्टेशन पर आने वाली 15074 एक्सप्रेस तीन घंटा तीन मिनट, 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस पांच घंटा 41 मिनट, 15910 एक्सप्रेस 3 घंटा 45 मिनट सहित करीब आधा दर्जन ट्रेनें कई घंटे विलंब से रही थी।
इसके अलावा मेमो, बालामऊ-शाहजहांपुर पैसेंजर, 14235-34, 14307-08, 15119-20 निरस्त चल रही है। इससे स्थानीय स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्री परेशान रहे। कई यात्रियों ने ट्रेनों के विलंब से आने के कारण दूसरे साधनों का प्रयोग करना उचित समझा। ट्रेनों के निरस्त व विलंब से आने के कारण यात्रियों को आए दिन समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार लखनऊ-मुरादाबाद ट्रैक की पटरियां बदली जा रही हैं। इस वजह से ब्लॉक लग रहा है। स्थानीय स्तर से संचालन में कोई समस्या नहीं है। स्टेशन अधीक्षक नरसी लाल मीणा ने बताया कि रोजा के पास ब्लॉक लगा है। इसलिए ट्रेनों का संचालन प्रभावित है।