बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गनियापुर में ननिहाल में बुधवार को जन्मी बच्ची की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुरालियों पर बच्ची की हत्या करने का आरोप लगाया है।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम संतोषीपुरवा निवासी मधू, पति रामकृपाल से विवाद होने के कारण चार माह से बिलग्राम के ग्राम गनियापुर स्थित मायके में रह रही थी। मधु ने बुधवार को बच्ची को जन्म दिया था। परिजनों के मुताबिक गुरुवार सुबह मधू बेटी को चारपाई पर सोता छोड़ शौच के लिए गई थी। कुछ देर बाद वापस आई तो बेटी मृत मिली। बेटी की मौत से परिजनों मेें कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद पिता रामकृपाल परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा। रामकृपाल ने ससुरालियों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।