हरदोई। चकबंदी विभाग से राजस्व विभाग में आए नायब तहसीलदार की ओर से ई-पड़ताल व राजस्व विभाग के अन्य कामों में रुचि न लेने पर डीएम नाराजगी जाहिर की। उन्होंने नायब तहसीलदार को उनके मूल विभाग चकबंदी विभाग में सहायक चकबंदी अधिकारी के पद पर वापस कर दिया है।
चकबंदी विभाग से राजस्व विभाग में आए सहायक चकबंदी अधिकारियों को तहसीलों में नायब तहसीलदार के पद पर तैनाती दी गई है। डीएम एमपी सिंह ने बताया कि सहायक चकबंदी अधिकारी गजराज सिंह को तहसील सवायजपुर में नायब तहसीलदार के पद पर तैनात किया गया था। इनकी ओर से ई-पड़ताल सहित राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यों में रुचि नहीं ली गई। सवायजपुर एसडीएम ने नायब तहसीलदार पद के कामों को निपटाने में रुचि न लेने की भी रिपोर्ट दी है।
बताया कि नायब तहसीलदार ने तहसील मुख्यालय पर अपना निवास भी नहीं बनाया था। कामों में रुचि न लेने पर गजराज सिंह को मूल विभाग चकबंदी विभाग में सहायक चकबंदी अधिकारी के पद पर वापस कर दिया गया है। इसका आदेश भी जारी कर दिया गया है और शासन को भी जानकारी भेज दी गई है।