आठ इंटर काॅलेजों में बनेंगे हेल्थ रूम, छात्राओं को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
- छह जीजीआईसी, एक जीआईसी व एक माडल विद्यालय की एक शिक्षिका को प्राथमिक चिकित्सा का दिया जाएगा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। माध्यमिक विद्यालयों की छात्राओं को अब विद्यालय में ही प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध होगी। विद्यालय में एक चिकित्सा कक्ष का निर्माण किया जाएगा। एक शिक्षिका को चिकित्सीय कार्य का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कक्ष में दवाइयां और प्राथमिक चिकित्सा की सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
छात्राओं को विशेष समय के साथ एनीमिया आदि की शिकायत रहती है। इससे विद्यालय में कभी-कभी छात्राओं को स्वास्थ्य समस्या हो जाती है। ऐसे में उन्हें विद्यालय से निकट के स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाना होता है। इससे कभी-कभी छात्राओं को अधिक दिक्क्त हो जाती है। इस समस्या से निजात के लिए माध्यमिक विद्यालयों में चिकित्सा कक्ष बनाया जा रहा है।
इसके लिए जनपद के आठ विद्यालयों को चिह्नित किया गया है। इनमें राजकीय बालिका इंटर काॅलेज हरदोई, पाली, बिलग्राम, पिहानी, संडीला, टोडरपुर, दीन दयाल उपाध्याय माॅडल विद्याल खसरौली और राजकीय इंटर काॅलेज बेगमगंज शामिल हैं।
यह होगी व्यवस्था
विद्यालय में बनने वाले चिकित्सा कक्ष में प्राथमिक चिकित्सा के लिए थर्मामीटर, इलेक्ट्रानिक बीपी मशीन, दवाइयां, वजन की मशीन सहित पूरी चिकित्सा किट रहेगी। चिकित्सीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए जीव विज्ञान की शिक्षिका को प्राथमिकता दी जाएगी।
कोट
समग्र शिक्षा अभियान के तहत विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष बनेगा। इसे चिकित्सा कक्ष का नाम दिया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से अनुमति मिल गई है। चिकित्सा कक्ष के निर्माण की कार्रवाई की जा रही है। यह अच्छी पहल है। इससे बालिकाओं को लाभ मिलेगा।- वीके दुबे, डीआईओएस