भरावन (हरदोई)। यूट्यूब पर भोजपुरी गानों का चैनल चलाने वाले शख्स को पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके तीन साथी फरार हैं।
प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हुलासगढ़ निवासी किशन उर्फ गुड्डू बादशाह पुत्र पवन सिंह यूट्यूब पर गुनगुन सिंह के नाम से भोजपुरी म्यूजिक चैनल चलाता है। अतरौली के प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी के मुताबिक अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम जीवनखेड़ा निवासी युवती लगभग एक वर्ष पहले गुड्डू के संपर्क में आई थी। उसने भोजपुरी वीडियो में गुड्डू के साथ काम भी किया था। वह अपने ही गांव की एक किशोरी को भोजपुरी गानों के वीडियो में काम दिलाने के बहाने प्रतापगढ़ ले आई। आरोप है कि किशोरी के साथ प्रतापगढ़ में गुड्डू व उसके तीन साथियों अर्पित, सचिन और अश्वनी ने दुष्कर्म किया।
12 जून को पूरे मामले की तहरीर पर अतरौबली थाने में रिपोर्ट भी दर्ज की गई थी। शुक्रवार को पुलिस को पता चला कि उक्त मामले में सुलह की कोशिश में किशन उर्फ गुड्डू जीवनखेड़ा गांव जा रहा है। इसी सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी ने गांव पहुुंचने से पहले ही किशन को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।