बिलग्राम (हरदोई) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुतुआपुर में अधेड़ ने पत्नी के चरित्र पर शक जता टिप्पणी कर दी। पत्नी ने विरोध किया तो चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
ग्राम कुतुआपुर निवासी हरिविलास शुक्रवार शाम घर पर पत्नी सत्यवती (50) के साथ बात कर रहा था। इसी दौरान हरिविलास ने पत्नी के चरित्र को लेकर गलत टिप्पणी कर दी तो उसने विरोध किया। इस पर हरिविलास गुस्से में आ गया और गाली गलौज कर पास में ही रखे चाकू से सत्यवती के पेट और पीठ में ताबड़तोड़ वार कर दिए। सत्यवती की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे उसके बच्चों और ग्रामीणों ने यूपी 112 पर घटना की जानकारी दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी हरिविलास को हिरासत में ले लिया। घर के अंदर से ही हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद हुआ है। बिलग्राम कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।