हरदोई मंगलवार रात पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डर्रा में भाई की गोली मारकर हत्या करने और पिता व दूसरे भाई को तलवार मारकर घायल करने के आरेापी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
बीते मंगलवार की रात ग्राम डर्रा में आशीष कुमार (22) पुत्र मदनलाल शर्मा को घरेलू विवाद के दौरान उसके बड़े भाई पंकज कुमार शर्मा ने तलवार मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद घर से उपचार के लिए निकले आशीष के सिर पर पीछे से तमंचे से गोली मार दी थी। घटना में आशीष की मौत हो गई थी, जबकि पहले हुए विवाद में उसके पिता मदनलाल शर्मा और एक अन्य भाई अनूप कुमार शर्मा भी घायल हो गए थे।
अनूप शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने पंकज शर्मा के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अनिल सिंह यादव ने अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों को बताया कि आरोपी पंकज को पिहानी पुलिस ने बुधवार रात साढ़े आठ बजे सिदौरिया तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे हत्या में इस्तेमाल तमंचा, दो खोखा, एक कारतूस और एक तलवार भी बरामद हुई है।