फोटो-16-जिला अस्पताल में भर्ती हत्यारोपी शिवाकांत। संवाद
- फोटो : HARDOI
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम पेढ़हतिया में पचास रुपये के लिए किशोर की हत्या करने के आरोपी ने खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
ग्राम पेढ़हतिया निवासी आकाश उर्फ बड़क्के (17) पुत्र शैलेंद्र की हत्या शुक्रवार रात गांव निवासी शिवाकांत ने चाकू मारकर कर दी थी। शिवाकांत ठेकेदार है। कुछ दिन पहले आकाश को शिवाकांत एक जगह मजदूरी के लिए ले गया था। मजदूरी के पचास रुपये शिवाकांत पर बाकी रह गए थे। रुपये मांगने पर हुए विवाद में शिवाकांत ने आकाश की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।
इसके बाद आरोपी फरार हो गया था। वह घटनास्थल के पास ही एक बांस की थान में छिप गया था। सांडी के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश यादव ने बताया कि घटना को दूसरा मोड़ देने के लिए शिवाकांत ने अपने पेट में भी चाकू मार लिया। उसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।