कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलरहा में शनिवार को विवाहिता की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने व हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना निगोही शाहजहांपुर के ग्राम बलेली निवासी पोथी पुत्र छविनाथ ने सोमवार को पुलिस को तहरीर दी।
बताया कि उसने बहन खुशबू (25) की शादी पांच वर्ष पहले राम लड़ैते पुत्र श्रीकृष्ण निवासी पिहानी कोतवाली क्षेत्र, ग्राम गुलरहा के साथ की थी।
बताया कि छह माह पूर्व उसकी बहन ने बेटी को जन्म दिया था। बेटी के जन्म के बाद से ही पति व अन्य ससुराली दहेज की मांग करने लगे और बेटी पैदा होने का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे।
15 मई को पति राम लड़ैते, ससुर श्रीकृष्ण, सास राधा समेत रिश्तेदार राकेश पुत्र रामेश्वर निवासी मझिला ने उसकी बहन के मारापीटा। इसकी सूचना बहन से उसे फोन पर दी थी। 16 मई को ससुरालियों ने फोन पर सूचना दी कि उसकी बहन खुशबू ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली।
भाई पोथी ने बताया कि जब वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा तो पता चला कि आरोपी उसका अंतिम संस्कार कर चुके हैं।
पोथी ने हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया कि राकेश ने उस पर सुलह का भी दबाव बनाया। कोतवाल सूर्य प्रकाश शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।