सवायजपुर। सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के विनयका अकबरपुर गांव में बरसात के दौरान कच्ची दीवार ढह गई। मलबे में दबकर अधेड़ की मौत हो गई। विनयका अकबरपुर निवासी भगवान बख्श (49) मजदूरी करते थे। परिवार के साथ कच्ची दीवार के ऊपर छप्पर डालकर रहते थे।
पिछले कई दिनों से हो रही बरसात के कारण कच्ची मिट्टी की दीवार शुक्रवार सुबह भरभराकर ढह गई। भगवान बख्श इसी के मलबे में दब गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल राजदेव मिश्रा ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक ने मौके का जायजा लिया। एसडीएम संजय अग्रहरि ने बताया कि परिजनों को लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर मदद दी जाएगी।