हरदोई। जिले में बृहस्पतिवार रात तेज आंधी व बारिश से कई स्थानों पर बिजली लाइन पर पेड़ गिर गए। इससे बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। शहर में 12 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हुए। शहर में तीन घंटे अंधेरा रहा। इससे 55 हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित हुई। कई स्थानों पर आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
शहर में बारिश के कारण बृहस्पतिवार रात साढ़े नौ बजे अंधेरा हो गया। सिटी, कोयल बाग, चरौली, आशानगर, सांडी रोड, गुरगुज्जा, बेलाताली उपकेंद्र की आपूर्ति बाधित हो गई। करीब तीन घंटे बाद शहर के सिटी व कोयल बाग कालोनी की विद्युत आपूर्ति शुरू हुई। मगर सिटी का सिनेमा रोड फीडर और कोयल बाग उपकेंद्र का अस्पताल फीडर बंद रहा। सिटी विद्युत उपकेंद्र सिनेमा रोड फीडर की आपूर्ति शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे बहाल हो सकी।
वहीं, अस्पताल रोड फीडर की बिजली लाइन पर पेड़ गिरने के कारण शुक्रवार शाम छह बजे तक बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र व गुरगुज्जा उपकेंद्र की आपूर्ति रात एक बजे बहाल हो सकी। चरौली व आशानगर विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति आठ बजे से ही बंद हो गई थी, जो रात डेढ़ बजे के बाद बहाल हो सकी। उपखंड अधिकारी कुलदीप शिवहरे ने बताया कि बिजली लाइन पर पेड़ गिरने के कारण शहर के 12 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए। अधिकांश क्षेत्र की आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
36 घंटे से गायब है बिजली
भरावन। क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय लालपुर खाले के पास हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटा गया। इससे 15 गांव की बिजली 36 घंटे से बंद है।
मल्लावां-बांगरमऊ के बीच हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से कस्बा, गौरी, काजीटोला, व राघौपुर सहित 50 गांवों की आपूर्ति बाधित रही। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
हरियावां में बारिश के कारण 132 केवीए लाइन ब्रेकडाउन हो गई। इससे विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 100 से अधिक गांव की आपूर्ति 24 घंटे से ठप है। इससे 10 हजार उपभोक्ता प्रभावित हैं।
पाली में बारिश और तेज हवा के कारण 33 केवीए की लाइन ब्रेकडाउन में चली गई। इससे 100 से अधिक गावों में करीब 30 घंटे से बिजली गुल है। इससे 20 हजार 600 उपभोक्ता परेशान है।
बावन में विद्युत उपकेंद्र से बावन टाउन, लोनार,सैतियापुर,मानपुर फीडरों के उपभोक्ताओं और 11 केवीए एजा उपकेंद्र को श्रीमऊ से मिलने बाली 33 केवीए मेन लाइन की बारिश के कारण बंद हो गई। इससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित है।
हरपालपुर में भारी बरसात से बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई है। 33 केवीए रूपापुर-पलिया लाइन ब्रेकडाउन होने से पूरी रात बिजली गायब रही। कस्बा समेत पूरे इलाके में अंधेरा छाया रहा।
बेहटागोकुल में बारिश के कारण बेहटागोकुल उपकेंद्र की मेन लाइन ख़राब है, जिससे करीब पूरा उपकेंद्र ठप है। इससे सौ गांव अंधेरे में है।
भरावन क्षेत्र के गांव महमदापुर में बारिश व तेज हवा के चलते विद्युत पोल टूटकर पूर्व विधायक सत्यनारायण उर्फ सन्तू की कार पर जा गिरा। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। गांव में तीन विद्युत पोल टूटने से 50 कनेक्शन धारकों के घरों की बिजली गुल है।
पिहानी। बारिश और हवाओं के कारण 33 केवीए लाइन पर पेड़ और पेड़ की डालें गिर गईं। इससे कस्बे में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। वहीं, गोपामऊ में नगर के पावर हाउस में दो शहरी और दो ग्रामीण फीडर जुड़े हैं। बारिश व हवा के कारण दोनों बंद हैं। विद्युत लाइन में फॉल्ट को खोजने में कर्मचारी लगे थे, मगर फॉल्ट खोज नहीं पाए थे। इससे बिजली गुल हो गई।