सांडी। हरदोई मार्ग पर चचरापुर के पास रविवार शाम बाइक सवार तीन दोस्त लोडर से टकरा गए। घटना में बाइक चला रहे युवक की सिर में गंभीर चोटेें आने से मोत हो गई। दोनों दोस्त घायल हैं। घटना के बाद चालक लोडर समेत मौके से भाग निकला।
सरॉय मुल्लागंज निवासी हर्षित मिश्रा (23) बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। रविवार शाम वह अपने दोस्त अखबेलपुर निवासी रिषभ (18) और लोनार कोतवाली क्षेत्र के पुन्नैया निवासी अंशुल (20) के साथ बाइक से हरदोई टैबलेट खरीदने गया था। बाइक हर्षित चला रहा था। वापस आते समय हरदोई-सांडी मार्ग पर चचरापुर के पास सामने से आए लोडर से बाइक की टक्कर हो गई। घटना में बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को सीएचसी सांडी ले जाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. ज्ञानेंद्र ने हर्षित को मृत घोषित कर दिया। दरअसल हर्षित हेलमेट नहीं लगाए था और उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
अंशुल और ऋषभ को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मेडिकल कॉलेज से परिजन रिषभ को प्राइवेट अस्पताल ले गए, जबकि अंशुल का उपचार चल रहा है। हर्षित दो भाई बहनों में छोटा और अविवाहित था। एमएस डिग्री कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। घटना का पता चलने पर मां रेखा बदहवास हो गई। घटना में घायल अंशुल एक प्राइवेट विद्यालय में कक्षा 11 का और रिषभ कक्षा 12 का छात्र है। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि घटना संज्ञान में है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। लोडर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।