हरपालपुर (हरदोई। उन्नाव कटरा मार्ग पर हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में ककरा तिराहा के पास बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की सोमवार दोपहर मौत हो गई। साथ जा रहा उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को हरपालपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद चालक बोलेरो मौके पर छोड़ भाग निकला।
फर्रुखाबाद के सिविल लाइंस निवासी अजय कुमार (23) नोएडा में एक प्राइवेट फैक्टरी में नौकरी करते थे। दीपावली पर वह घर आए थे। अजय सोमवार को बाइक से फर्रूखाबाद के ही कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ज्योना निवासी रिश्तेदार मोहित (18) के साथ हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के चाऊंपुर में रहने वाले मौसा जयसिंह के घर जा रहे थे। उन्नाव कटरा मार्ग पर ककरा तिराहा के पास पीछे से आई बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी।
घटना में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। दोनों को सीएचसी भेजा गया। यहां चिकित्सक ने अजय को मृत घोषित कर दिया। मोहित का उपचार चल रहा है। अजय छह भाई बहनों में चौथे नंबर का और अविवाहित था। कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बोलेरो पुलिस के कब्जे में है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।