पाली। बहन की ससुराल से मां को लेकर वापस घर जा रहे युवक की बाइक को शाहाबाद पाली मार्ग पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा मामूली रूप से चोटिल हो गया।
लखीमपुर जनपद के पसिगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बरखेड़िया गांव निवासी सुनीता (62) की बेटी सोनी की ससुराल पाली कस्बे के मोहल्ला काजी सराय में है। बेटी का हालचाल लेने के लिए सुनीता आती-जाती रहती थीं। सोमवार को सुनीता अपने बेटे रवि (24) के साथ बाइक से काजीसराय आई थीं। बृहस्पतिवार सुबह लगभग सात बजे सुनीता अपने बेटे रवि के साथ बाइक से बरखेड़िया जाने के लिए निकली थीं।
पाली-शाहाबाद मार्ग पर गोपालपुर गांव के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सिर के बल सड़क पर गिरी सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रवि को मामूली चोटें आईं। सुनीता के जीवित होने की उम्मीद में उसे सीएचसी शाहाबाद लाया गया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पाली के प्रभारी निरीक्षक एके राय ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। शव शाहाबाद काेतवाली पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।