तहसील क्षेत्र के अधिकतर डामरीकृत मार्गों की हालत
खराब होने से आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है। हरदोई-बिलग्राम
खस्ताहाल मार्ग पर हरदोई के पीडब्ल्यूडी डिवीजन प्रथम ने अपनी सीमा तक
कार्य कराकर काम बंद करा दिया, वहीं बिलग्राम खंड ने इस खराब मार्ग को
बनवाया तक नहीं।
माधौगंज-बघौली मार्ग, माधौगंज-मल्लावां से लखनऊ को
जोड़ने वाले बघौली मार्ग, संडीला-नयागांव-माधौगंज मार्ग जगह-जगह
क्षतिग्रस्त है। सड़क में बने ऊबड़ खाबड़ गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का
सबब बने हैं। सड़कों के बाबत बिलग्राम के सीडी-2 डिवीजन ने बजट न होने की
बात कही है।
बिलग्राम-हरदोई के बीच करीब 27 किमी की सड़क काफी खस्ताहाल है।
मार्ग को ठीक कराने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी हरदोई खंड व बिलग्राम खंड
की है, पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। एक पखवाड़ा पहले हरदोई खंड में आने
वाली सीमा में सड़क हाटमिक्स से बनाई गई, वहीं बिलग्राम खंड सीमा में पड़ने
वाली 16 से 17 किमी की सड़क का एक हिस्सा काफी टूटा है और सड़क में बने
बडे़ बड़े गड्ढे वाहनों के आवागमन में बाधाएं पैदा करते हैं।
इधर,
माधौगंज से नयागांव होते हुए संडीला, लखनऊ तक के मार्ग की कई साल से मरम्मत
न होने से उक्त मार्ग टूटता गया। अब चलने की स्थिति तक में नहीं है, जिससे
बिलग्राम, मल्लावां, माधौगंज व सांडी के यात्री रोडवेज की बसों से औसतन एक
से डेढ़ घंटा विलंब से लखनऊ पहुंचते है।
उधर, बिलग्राम से लखनऊ के बीच
100 किमी की सड़क पर यातायात मेें दिक्कतें हो रही हैं। उधर, माधौगंज से
बघौली मार्ग के बीच का मार्ग की 6-7 साल से कोई सुधि नहीं ली गई, जिससे
सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। कुछ ऐसी ही हालत सांडी-हरदोई मार्ग की
है। वैसे एक दशक पहले बने बिलग्राम के सीडी-2 डिवीजन से जनता व
क्षेत्रवासियों को कोई लाभ नहीं मिला।
हरदोई डिवीजन के कार्यक्षेत्र में
पड़ने वाला हरदोई बिलग्राम के बीच का मार्ग तो बन गया, पर बिलग्राम डिवीजन
के क्षेत्र में पड़ने वाला मार्ग नहीं बना। लोगों का मानना है कि यदि पहले
की भांति यह मार्ग हरदोई परिक्षेत्र में होता तो शायद अब तक बन जाता। उधर,
अफसरों ने बजट का रोना रोते शीघ्र मरम्मत करने की बात कही है।