हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा कराने में परीक्षा केंद्रों की सूची में शामिल बीस से अधिक ने परीक्षा कराने में हाथ खड़े कर दिए। किसी ने संसाधन कम होने तो किसी ने धारण क्षमता कम होने का हवाला दिया। 109 में अधिकांश ने विद्यार्थियों को आवंटित परीक्षा केंद्रों की दूरी अधिक होने पर संशोधन की मांग की।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार 148 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्रों की सूची में 17 राजकीय 51 एडेड और 80 वित्त विहीन विद्यालय शामिल हैं। इस बार वित्तविहीन विद्यालयों की संख्या विगत वर्षों से काफी अधिक है। परीक्षा केंद्रों की सूची के बाद विद्यालयों से खामियां होने पर प्रत्यावेदन मांगे गए थे।
जिले के विद्यालय प्रधानाचार्यों की ओर से 109 शिकायतें दर्ज कराई गईं। जिसमें 20 से अधिक विद्यालयों में विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा कराने में असमर्थता जताई है। इनमें अधिकांश में संसाधन होने की बात कही गई है। वहीं सात विद्यालयों में धारण क्षमता से अधिक विद्यार्थियों का आवंटन करने की बात ही कही और आवंटन कम करने का अनुरोध किया है। वहीं परीक्षा केंद्र बनाने वाले विद्यालयों की संख्या भी अधिक है। इनमें इस बार परीक्षा केंद्र से वंचित रहे एडेड विद्यालय भी शामिल हैं।
इंसेट
नई सूची में गायब होंगे काफी संख्या में विद्यालय
प्रत्यावेदन निस्तारण और जिला स्तरीय परीक्षा की समीक्षा के उपरांत सूची से काफी संख्या में विद्यालय कम हो सकते हैं। इसमें संसाधन विहीन राजकीय व वित्त विहीन विद्यालय शामिल हो सकते हैं। विद्यालय में सूची में शामिल रहने और जिनका विद्यालय परीक्षा केंद्र से वंचित है। वह विभागीय, प्रशासनिक व राजनीतिक आकाओं की चक्कर काटने लगे हैं।
वर्जन
प्रत्यावेदन का परीक्षण व निस्तारण जिला परीक्षा समिति करेंगे। उसी के निर्देशन में आगे की कार्यवाही की जाएगी।-डॉ. अरविंद कुमार पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक